लखनऊ : यूपी में प्रियंका गांधी के चुनावी प्रचार को सोनिया गांधी ने हरी झंडी दे दी है। इसकी औपचारिक घोषणा गुलाम नबी आजाद ने दिल्ली में बुधवार को कर दी। उन्होंने साफ किया है कि प्रियंका यूपी में पार्टी की प्रचार टीम की अगुवा होंगी। इससे साफ है कि प्रचार प्रमुख के रूप में प्रियंका को टेस्ट करने की कोशिश की जा रही है। यदि वह सफल रहीं तो उन्हें बड़ी कमान सौंपी जा सकती है। इसके पहले कांग्रेस के यूपी चुनाव के रणनीतिकार प्रशांत किशोर भी राहुल गांधी या प्रियंका गांधी के उतारे जाने की मांग करते रहे हैं।
यूपी कांग्रेस प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने बताया कि कार्यकर्ताओं की मांग पर प्रियंका अब पूरे उत्तर प्रदेश में प्रचार करेंगी। इसके पहले वह केवल अमेठी और रायबरेली में ही प्रचार करती रही हैं। हालांकि प्रियंका गांधी के यूपी में प्रचार की कमान सौंपे जाने को बड़े संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
कांग्रेस की लगातार हो रही हार से कार्यकर्ताओं ही नहीं, नेताओं में भी निराशा का माहौल बना हुआ है। लगातार मांग उठ रही है कि राहुल गांधी या प्रियंका गांधी के हाथों में पार्टी का नेतृत्व होना चाहिए।
अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए प्रियंका गांधी को सीएम उम्मीदवार बनाया जाए इसकी मांग भी उठती रही है। उत्तर प्रदेश में फिलहाल एक नए चेहरे की जरूरत है। अब पार्टी कमान टेस्टिंग के तौर पर प्रियंका गांधी को उतारने का मन बना चुकी है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं और तमाम नेताओं ने प्रियंका को आगे लाने की मांग की थी। उनका मानना था कि नए नेतृत्व से ऊर्जा का संचार हो सकता है। वह चाहते हैं कि या तो राहुल गांधी या फिर प्रियंका गांधी को सीएम उम्मीदवार घोषित किया जाए।
Courtesy: Pioneer Alliance